बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई. दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में सुबह 7 बजे से ही बारिश का दौर शुरू हुआ. हल्की बूंदाबांदी कुछ देर में थोड़ी तेज बारिश में बदली. करीब एक घंटे तक चली बारिश और तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट का अहसास करवाया. वहीं एनसीआर में भी सुबह से ही बादल छाए रहे और 7.30 बजे हल्की बारिश शुरू हुई. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बादल की गरजना सुनाई देती रही और इसके बाद सुबह 7.30 बजे हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ. करीब आधे घंटे तक हल्की बारिश का दौर रहा.

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बुधवार और फिर गुरुवार को हुई बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में भी कमी दर्ज की गई. दिल्ली के लोधी रोड इलाके में पीएम 2.5 का एयर चलिटी इंडेक्स 114 के स्तर पर रहा. वहीं आईटीओ पर यह 149 और आनंद विहार इलाके में 184 के स्तर पर दर्ज किया गया. बुधवार को भी अचानक बादल छाने के बाद हल्की बारिश ने मौसम बदल दिया था. वहीं दिल्ली से सटे गाजियाबाद और हापुड़ में ओले गिरे थे. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन ऐसे ही मौसम रहने की आंशका है. इस कारण जहां कोहरा और मौसम सर्द होने की संभावना है, वहीं बारिश के कारण वायु प्रदूषण में भी सुधार देखा जा सकता है.

Comments